#कोरोनाकाल : बिग-बी के हमउम्र प्रशंसकों को मदद देने का वक्त

अमिताभ बच्चन के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर से आप सभी यह तो समझ रहे होंगे कि कितना ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। कुछ दिन पहले जब महाराष्ट्र सरकार ने शूटिंग की अनुमति दी तो प्रोड्यूसर एसोसिएशन ने अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी और दूसरे 65 से अधिक उम्र के एक्टरों का हवाला देकर कहा कि आवश्यकता के आधार पर इस आयुवर्ग के एक्टरों को शूटिंग की इजाजत मिले।




इंडियन एक्सप्रेस की 30 मई की खबर के हिसाब से इस अनुरोध को राज्य सरकार ने मान भी लिया। अब यह तो बॉलीवुड कवर करने वाले रिपोर्टर ही बेहतर जानते होंगे कि अमिताभ बच्चन ने इस दौरान शूटिंग की या दूसरे माध्यम से वे किसी संक्रमित के संपर्क में आए। पर आज की खबर इस आयुवर्ग के लोगों के लिए बचाव के नियमों के सख्ती से पालन की जरूरत को साबित करती है।
कहने की जरूरत नहीं है कि हम सभी अपने घर के बुजुर्ग व हृदय और मधुमेह रोगियों को लेकर सबसे ज्यादा सतर्क रहें। खुद सभी बचाव के नियमों का पालन करके उनके सामने नजीर बनें। हम इस वक्त तीन दिन के लॉकडाउन में हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे लॉकडाउन लगाए गए हैं, जिनकी वैज्ञानिक प्रमाणिकता पर संदेह होता है मगर इससे कुछ हद तक लोग दोबारा सतर्क हो सकते है कि खतरा अभी टला नहीं।
अच्छा तो यही हो कि सभी बुजुर्ग पूरी तरह घर में रहकर यह समय गुजारें पर सब इतने भाग्यशाली कहां हैं। भारत दुनिया के ऐसे देशों में आता है जहां की एक बड़ी बुजुर्ग आबादी को पेट पालने के लिए कमाना पड़ता है। बिस्तर से न लग जाने तक वे रिटायरमेंट जैसे शब्द का अनुभव नहीं कर पाते। हाल में हेल्पएज इंडिया की रिपोर्ट आयी कि भारत में लॉकडाउन ने 65 प्रतिशत बुजुर्गों की रोजी पर असर डाला या रोजी का साधन छिन गया। जिस कारण वे गहरे आर्थिक संकट में हैं। इस वक्त बुजुर्गों को सरकारी आर्थिक मदद मिलनी चाहिए।
कौन बनेगा करोड़ पति में आने वाले अमिताभ बच्चन में बहुत से हमउम्र लोग खुद को तलाशते हैं। युवाओं के बीच प्रसांगिकता बनाए रखने में हमेशा कामयाब रहे बिग-बी हमारी और हमसे नयी पीढ़ी के भी उतने ही चहीते और सम्मानीय हैं। उनकी गुलाबो सिताबो में निभायी भूमिका उन्हें ओल्डीज के और करीब पहुंचाती हैं। यह समय ऐसे ‘मिर्जा मेगास्टार’ के लिए दुआ करने के साथ इन वरिष्ठजनों की मदद करने का भी है और यह मदद शारीरिक दूरी बनाते हुए करनी होगी।
शिवांगी

originally published on 12 july at facebook.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

माता और मम्मी ...

कमरे की एक दीवार बन गई हौंसला ...

चौबीस के नतीजों तक ताप बनाए रख सकता है सतपाल मलिक का इंटरव्यू